Bus Service From haryana to Jewar Airport
Haryana Roadways Jewar Airport Bus: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने की तैयारी कर रहे हरियाणा के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. हरियाणा रोडवेज ने जेवर एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसके लिए फरीदाबाद (बल्लभगढ़), पलवल और गुरुग्राम डिपो के महाप्रबंधकों (GM) की एक संयुक्त टीम ने प्रस्तावित रास्तों का विस्तृत सर्वेक्षण कर लिया है. सरकार से हरी झंडी मिलते ही इन रूटों पर बसें दौड़ने लगेंगी.
6 अप्रैल को होगी अहम बैठक, फिर सरकार को जाएगी रिपोर्ट
पलवल डिपो के महाप्रबंधक जितेंद्र यादव के नेतृत्व में यह सर्वे किया गया, जिसमें बल्लभगढ़ और गुरुग्राम के अधिकारी भी मौजूद रहे. इस टीम ने रास्ते की गुणवत्ता, कुल दूरी, संभावित बस स्टॉप और ट्रैफिक की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया. अधिकारियों का मुख्य फोकस इस बात पर था कि यात्रियों को ऐसा रूट मिले जो सबसे कम समय ले और सफर को सुविधाजनक बनाए. महाप्रबंधक जितेंद्र यादव ने जानकारी दी है कि सर्वे की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है. आगामी 6 अप्रैल को इस विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में सर्वे रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया जाएगा. इसके बाद फाइनल रिपोर्ट राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेजी जाएगी. सरकार से अंतिम फैसला आते ही बस सेवा की शुरुआत कर दी जाएगी.
गुरुग्राम से भी मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
अधिकारियों के मुताबिक, पलवल, बल्लभगढ़ और फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट की कुल दूरी लगभग 40 किलोमीटर है. इस तय रूट पर जाम लगने की समस्या न के बराबर है. ऐसे में यात्री रोडवेज बस के जरिए यह पूरी दूरी महज 30 मिनट में आसानी से तय कर सकेंगे. भविष्य में हवाई उड़ानों का संचालन दिल्ली एयरपोर्ट और जेवर एयरपोर्ट, दोनों जगह से होगा. यात्रियों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम से भी जेवर तक सीधी बस चलाने की योजना बनाई गई है. अगर यह पूरी योजना समय पर धरातल पर उतरती है, तो रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को एक सुरक्षित, किफायती और जाम-मुक्त परिवहन का शानदार विकल्प मिल जाएगा.