Noida Airport Hiring
ग्रेटर नोएडा में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के संचालन से पूर्व बड़े रोजगार के अवसर सामने आ रहे हैं। एयरपोर्ट परियोजना के तहत लगभग पांच हजार लोगों को नौकरी देने की तैयारी की गई है। इसके लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) ने 30 कंपनियों के साथ साझेदारी की है, जो एयरपोर्ट शुरू होने से पहले ही भर्ती प्रक्रिया पूरी करेंगी।
एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसमें रनवे, टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और कार्गो हब जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं के संचालन के लिए विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।
प्रमुख पदों में ऑपरेशन और ग्राउंड स्टाफ, चेक-इन काउंटर, बोर्डिंग गेट स्टाफ, बैगेज हैंडलर, तकनीकी व इंजीनियरिंग, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियर (एएमई) और टेक्नीशियन शामिल हैं।
इसके अलावा प्रशासनिक और प्रबंधन कार्यों के लिए एचआर, अकाउंटेंट, मैनेजर, रिटेल व हॉस्पिटैलिटी स्टाफ, दुकानों, रेस्टोरेंट और होटल से जुड़े कर्मचारियों की भी भर्ती होगी। कार्गो और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में कार्गो हैंडलर, वेयरहाउस स्टाफ तथा माल की लोडिंग-अनलोडिंग और परिवहन के लिए भी बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होंगे।
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 1030 जवानों की तैनाती को गृह मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है। सुरक्षा के तीन घेरों में सीआईएसएफ, निजी सुरक्षा और पुलिस की जिम्मेदारी तय की गई है। इसके अलावा स्क्रीनिंग स्टाफ, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और कस्टम विभाग के अधिकारी भी तैनात रहेंगे।
एक विशेष पहल के तहत, जमीन देने वाले 14 गांवों के 335 युवाओं को भी योग्यता के आधार पर रोजगार दिया जाएगा। इनमें से कई युवाओं ने मुआवजे की राशि के बजाय नौकरी का विकल्प चुना था।
यापल द्वारा बनाए गए पोर्टल पर अब तक 180 से अधिक युवा पंजीकरण करा चुके हैं, जिनमें से 24 को ऑफर लेटर दिए जाने का दावा किया गया है। यापल के प्रवक्ता के अनुसार, एयरपोर्ट से उड़ान संचालन शुरू होने से पहले ही रोजगार का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।